जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का साइबर जागरूकता शिविर: स्कूली बच्चों को बताया साइबर फ्रॉड से बचाव और निशुल्क विधिक सहायता के बारे में।

बाजपुर। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला सचिव एवं जिला सिविल सीनियर जज ममता पंत के निर्देशों पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय बाजपुर प्रथम में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर एवं रैली का आयोजन किया गया।

शिविर में बच्चों को साइबर क्राइम, सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर फ्रॉड और नए तरीके के “डिजिटल अरेस्ट” के बारे में विस्तार से बताया गया। PLV शिवानी ने कहा कि कैसे ठग फोन, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए खुद को पुलिस, CBI या बैंक अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और पैसे ऐंठते हैं। बच्चों को सिखाया गया कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या OTP को शेयर न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।PLV ब्रजवला शर्मा ने शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली निशुल्क विधिक सेवाओं की भी जानकारी दी गई।

बताया कि अगर किसी गरीब, महिला, बच्चे या बुजुर्ग को कानूनी मदद चाहिए तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मुफ्त में वकील और कानूनी सलाह ले सकता है। इसके लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।PLV गीता शर्मा ने बच्चों से कहा कि वे घर जाकर अपने माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों को भी इन नंबरों और फ्रॉड से बचने के तरीकों के बारे में बताएं, ताकि कोई भी साइबर ठगी का शिकार न बने।आगे भी जिले के अन्य स्कूलों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराध से सुरक्षित रहें और अपनी कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक हों।इस जागरूकता शिविर में तहसील बाजपुर की टीम के पैरा लीगल वालंटियर *शिवानी, ब्रजवाला और गीता शर्मा* ने प्रतिभाग किया। तीनों PLV ने बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें आसान भाषा में साइबर सुरक्षा के टिप्स दिए और पम्पलेट भी वितरित किए।


