हर बरसात में उफनते नाले बन रहे हादसों का कारण, टेड़ा और बेलगढ़ में पुल की मांग तेज।

-रामनगर,। रामनगर में इस बरसात बरसाती नाले लोगों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं,टेड़ा के पास रामनगर-भंडारखानी मार्ग पर स्थित बरसाती नाला लगातार उफान पर रहा, जिसमें एक थ्री-व्हीलर तक बह गया। वहीं रामनगर-हल्द्वानी राज्य मार्ग पर बेलगढ़ के पास स्थित नाले में भी कई बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं, लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से इन नालों पर स्थायी पुल बनाए जाने की मांग की है।बताया जा रहा है कि पहाड़ों और आसपास के जंगल क्षेत्रों में बारिश होने के बाद बरसाती नालों में अचानक पानी का बहाव बढ़ जाता है, टेड़ा के पास भंडारखानी मार्ग पर बना नाला भी बारिश के दौरान कई बार उफान पर आ चुका है, तेज बहाव के कारण यहां से गुजरना लोगों के लिए जोखिम भरा हो जाता है। हालात तब और गंभीर हो गए जब पानी के तेज बहाव में एक थ्री-व्हीलर बह गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। हर साल बरसात के मौसम में नाले का जलस्तर बढ़ने के साथ यहां दुर्घटना का खतरा पैदा हो जाता है,इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है, इसी तरह रामनगर-हल्द्वानी राज्य मार्ग पर बेलगढ़ के पास स्थित बरसाती नाला भी वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है,बारिश के दौरान नाले पर पानी आने से सड़क और नाले के बीच का अंतर कई बार स्पष्ट नहीं दिखाई देता, ऐसे में बाइक सवार संतुलन खोकर नाले में गिर जाते हैं। कई बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।लोगों का कहना है कि महज चेतावनी बोर्ड लगाने या अस्थायी व्यवस्था करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बरसात शुरू होते ही हर साल इन स्थानों पर हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में टेड़ा और बेलगढ़ समेत अन्य संवेदनशील बरसाती नालों का सर्वे कराकर वहां छोटे पुल या मजबूत कलवर्ट का निर्माण किया जाना चाहिए।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर समय रहते इन नालों पर पुल नहीं बनाए गए तो आने वाले समय में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
