राजस्थान से आ रही श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराकर पलटी, 16 यात्री हुए घायल।


हरिद्वार – हरिद्वार में श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराकर पलटी, 16 यात्री घायलहरिद्वार की नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शांतिकुंज गेट नंबर-2 के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर आ रही एक बस ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सप्तऋषि चौकी क्षेत्र में पलट गई।

हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।हादसे में करीब 16 श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक से हुई टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। समय रहते राहत-बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा नुकसान टल गया।


