एसएसपी अल्मोड़ा के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, टूरिस्ट बनकर गांजा तस्करी कर रहे तीन गिरफ्तार।

रानीखेत। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के कुशल नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने की दिशा में लगातार कार्रवाई करते हुए रानीखेत पुलिस व एसओजी टीम ने 66 किलो से अधिक गांजे के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। सोमवार सुबह कोतवाली रानीखेत एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने अशोक द्वार के पास चेकिंग अभियान के दौरान रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही हुंडई औरा कार (UP23 BT 0365) को रोका।

वाहन में सवार युवकों ने खुद को टूरिस्ट बताते हुए ट्रॉली बैगों में सामान होने की बात कही, लेकिन तलाशी के दौरान बैगों में कपड़ों के बजाय गांजा भरा मिला। पुलिस ने कार से कुल 66.288 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 16 लाख 57 हजार 200 रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर कोतवाली रानीखेत में मु0अ0स0-04/26, धारा 8/20/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकाश (25 वर्ष) पुत्र अजय सिंह, निवासी काशीपुर, ऊधम सिंह नगर, अनमोल सिंह (25 वर्ष) पुत्र बरीयाम सिंह, निवासी रामनगर रोड, काशीपुर, जसपाल सिंह (23 वर्ष) पुत्र विक्रम सिंह, निवासी प्रतापपुर नं. 7, थाना नानकमत्ता, ऊधम सिंह नगर के रूप मे हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी सराईखेत क्षेत्र से गांजा लेकर ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) की ओर जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों में बेचने की योजना थी। पुलिस द्वारा गांजा क्रय-विक्रय के नेटवर्क और स्रोतों की गहन जांच की जा रही है।इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन, सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।बाइट- देवेन्द्र पींचा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोडा


