ल्वाली झील में गिरी कार, दिल्ली निवासी युवक की मौत, तीन घायल

पौड़ी। पौड़ी जनपद के विकासखंड पौड़ी क्षेत्र के ल्वाली में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे चार युवकों की कार अनियंत्रित होकर ल्वाली झील में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्लॉक क्षेत्र के कुंजेठा गांव में एक शादी समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह में शामिल होने के लिए कुणाल रौतेला निवासी कांडा, जनपद बागेश्वर, प्रिंस कुमार निवासी पटेल नगर शादीपुर, विशाल यादव तथा अभिषेक कुमार निवासी प्रेमनगर, नियर पटेल नगर रेलवे स्टेशन, शादीपुर नई दिल्ली पहुंचे थे। चारों युवक दिल्ली में नौकरी करते हैं और शादी समारोह में शामिल होने के लिए पौड़ी आए हुए थे। कोतवाली प्रभारी जयपाल नेगी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 2:30 बजे चारों युवक कार से कुंजेठा गांव से ल्वाली की ओर लौट रहे थे। ल्वाली में एक होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान ल्वाली के समीप उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे झील में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में सवार सभी चारों युवकों को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अभिषेक कुमार (40 वर्ष) पुत्र भृगनाथ सिंह निवासी प्रेमनगर, नियर पटेल नगर रेलवे स्टेशन, शादीपुर नई दिल्ली को मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्घटना में घायल कुणाल रौतेला, प्रिंस कुमार और विशाल यादव का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत खतरे से बाहर है और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर देर रात वाहन अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। इस हादसे से शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


