विधायक बेहड़ के प्रयासों से किच्छा विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के विकास को मिली गति, ₹317.28 लाख से 5 सडको की मिली स्वीकृति।

किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में बेहतर आवागमन एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। विधायक किच्छा तिलक राज बेहड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य योजना के अंतर्गत क्षेत्र की 5 प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्य हेतु ₹317.28 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस स्वीकृति से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आमजन को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

निर्माण कार्यों में पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर की अवशेष सड़कों के सुधारीकरण का कार्य, कुल लंबाई 1.975 किमी तथा लागत ₹99.36 लाख,ग्राम गंगापुर में गंगापुर मंदिर से सर्वजीत जी के खेत तक मोटर मार्ग का डामरीकरण कार्य, कुल लंबाई 1.650 किमी तथा लागत ₹86.83 लाख,नजीबाबाद स्थित धौराडाम में प्रधान लाइन में भगवान सिंह जी के घर से गुरमीत सिंह जी के घर तक सड़क के नवनिर्माण का कार्य, कुल लंबाई 0.700 किमी तथा लागत ₹41.19 लाख,ग्राम आजादनगर नौगवां मलपुरा मोटर मार्ग का प्रीमिक्स कारपेट द्वारा पुनर्निर्माण, कुल लंबाई 1.190 किमी तथा लागत ₹50.97 लाख तथा ग्राम भगवानपुर में मोटर मार्ग का डामरीकरण कार्य, कुल लंबाई 0.600 किमी तथा लागत ₹38.93 लाख शामिल है। विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपने बयान में कहा, “किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए मैं लगातार प्रयासरत हूं। सड़कों का सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण मेरी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है, क्योंकि बेहतर सड़कें ही विकास की आधारशिला होती हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। भविष्य में भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार निरंतर प्रयास करता रहूंगा।” इस महत्वपूर्ण सडको की स्वीकृति दिए जाने हेतु विधायक तिलक राज बेहड़ ने माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज का हृदय से आभार व्यक्त किया .


