विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयासों से किच्छा को मिली विकास की नई सौगात, ₹1.33 करोड़ की तीन सड़क निर्माण योजनाओं को मिली स्वीकृति।

किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। विधायक तिलक राज बेहड़ के सतत एवं प्रभावी प्रयासों से राज्य योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण परियोजनाओं हेतु कुल ₹1 करोड़ 33 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत ग्राम कनकपुर में 600 मीटर सड़क का प्रीमिक्स कारपेट द्वारा निर्माण लागत ₹40.49 लाख, ग्राम भंगा में 1.500 किलोमीटर मोटर मार्ग का नवीनीकरण लागत ₹55.16 लाख वहीं प्रतापपुर लिंक मार्ग से प्रतापपुर कटिंग ग्राम तक 1.325 किलोमीटर सड़क का प्रीमिक्स कारपेट द्वारा पुनर्निर्माण ₹37.59 लाख की लागत से कराया जाएगा। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति प्राप्त होगी। बेहड़ ने कहा कि इन सड़क निर्माण कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास पहुँचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। बेहड़ ने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग के बल पर किच्छा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में भी सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दिलाकर क्षेत्र के समग्र विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। विधायक बेहड़ ने इन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजनाओं की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी तथा लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया |


