नहाने के दौरान गंगा में डूबे 3 पर्यटक, राफ्टिंग गाइड और जल पुलिस ने बचाई जान।


ऋषिकेश। तपोवन में नीम बीच पर नहाने के दौरान देहरादून के तीन पर्यटक गंगा में डूबने लगे। जिनको दो राफ्टिंग गाइडों की सहायता से जल पुलिस ने सकुशल बचाने का काम किया है। जान बचाए जाने पर तीनों पर्यटकों ने पुलिस और राफ्टिंग गाइडों का आभार व्यक्त किया है।

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक देहरादून से तीन पर्यटक नीम बीच पर घूमने के लिए पहुंचे। गर्मी होने की वजह से तीनों पर्यटक गंगा में नहाने के लिए उतर गए। गंगा की गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से वह बहने लगे। नजारा देखकर कुछ दूर घाट पर ड्यूटी कर रहे जल पुलिस के मनोज मलिक, संतोष कुमार और सुनील चौहान ने गंगा में छलांग लगा दी। दो राफ्टिंग गाइड भी पर्यटकों की जान बचाने के लिए गंगा में कूदे। किसी तरह जल पुलिस और राफ्टिंग गाइडों ने मिलकर तीनों पर्यटकों को गंगा में डूबने और बहने से बचा लिया। जान बचाए जाने पर पर्यटकों ने पुलिस और राफ्टिंग गाइडों का आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों ने भी राफ्टिंग गाइडों की जमकर प्रशंसा की है।















