कोटद्वार में गजराज का गुस्सा, हाथियों के झुंड ने बाइक-स्कूटी को रौंदा।
कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार में रविवार शाम हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। रामडी-पुलिंडा मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी बाइक और स्कूटी को हाथियों ने बुरी तरह रौंद डाला। अचानक हाथियों के सड़क पर पहुंचने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गनीमत रही कि जिस वक्त हाथियों ने वाहनों को निशाना बनाया, उस समय उनके आसपास कोई मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हाथियों का झुंड सड़क किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाता नजर आ रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल है और वन विभाग से हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठ रही है।
