SOG व सल्ट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, करीब 13 लाख रुपये का गांजा बरामद, आर्टिगा कार सीज।


अल्मोड़ा/ सल्ट….। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के कुशल नेतृत्व में नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान नये साल में भी पूरी सख्ती के साथ जारी है। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में सोमवार प्रातः एसओजी व थाना सल्ट पुलिस की संयुक्त टीम ने नैल तिराहा के पास चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की। सराईखेत की ओर से आ रही सफेद रंग की आर्टिगा कार (HR38AB-9680) को रोककर तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से 51.950 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की बाजार कीमत लगभग 12 लाख 98 हजार 750 रुपये आंकी गई है।

तीनों अभियुक्तों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना सल्ट में मु0अ0सं0-01/26 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे गांजा सराईखेत से रामनगर की ओर ले जा रहे थे। पुलिस द्वारा गांजा क्रय-विक्रय के स्रोतों की गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल सिंह (21) पुत्र चन्द्रभान सिंह, निवासी शिव विहार कॉलोनी, चिल्किया, रामनगर, मोहम्मद अनस (22) पुत्र स्व. अतीक हुसैन, निवासी तेलीपुरा, रामनगर, मोहम्मद हासिम (21) पुत्र स्व. खलील अहमद, निवासी तेलीपुरा, रामनगर तीनों जिला नैनीताल के निवासी है।इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह व सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी व थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।सफल कार्रवाई पर एसएसपी अल्मोड़ा ने पुलिस टीम को ₹5,000 नगद इनाम देकर सम्मानित किया।


