रामपुर जिला पंचायत कार्यालय में वकील की गोली मार कर हत्या।


!

रामपुर। रामपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जिला पंचायत कार्यालय परिसर में दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।बताया जा रहा है कि जिला पंचायत परिसर में किसी बात को लेकर अधिवक्ता और बाबू के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस घटना में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी , पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना से गुस्साए लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि भीड़ ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के मुख्य दरवाजे को तोड़ दिया और तोड़फोड़ की। हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। गोली चलने के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका पता लगाया जा रहा है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


