विकास कार्यों के दम पर जनता के बीच पहुंचे विधायक बेहड़, पंतनगर और देवरिया में जनसंवाद कर सुनीं समस्याएं, विकास कार्यों का दिया भरोसा।


किच्छा। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने रविवार को पंतनगर एवं देवरिया क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।देवरिया क्षेत्र में विधायक निधि से 5.99 लाख रुपये की लागत से शिव शक्ति मंदिर में निर्मित आरसीसी छत निर्माण कार्य का लोकार्पण करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर विकास कार्यों के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतना है। उन्होंने कहा कि जब भी क्षेत्रवासियों ने किसी विकास कार्य की मांग रखी, उन्होंने उसे पूरा करने का प्रयास किया और कभी भी जनहित के कार्यों के लिए मना नहीं किया।उन्होंने कहा कि देवरिया क्षेत्र में गोलू देवता मंदिर मार्ग, अमरजीत मार्ग, जुनेजा फार्म मार्ग, मोहन बोरिंग तक सड़क निर्माण सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए हैं। गोलू देवता मंदिर में बाउंड्री वॉल सहित लगभग 10 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य संपन्न कराए गए हैं। मंदिरों, सामुदायिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी लगातार धनराशि उपलब्ध कराई गई है।वहीं पंतनगर क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक बेहड़ ने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

उन्होंने कहा कि जिन ब्लॉकों में अभी तक सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण नहीं हो पाया है, वहां चरणबद्ध तरीके से शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही जिन क्षेत्रों में सोलर लाइटें लगनी शेष हैं, वहां भी शीघ्र सोलर लाइटें स्थापित कराई जाएंगी ताकि लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो सके।विधायक बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र में छोटी-छोटी संपर्क सड़कों, गलियों और आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र किच्छा में दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण हेतु राज्य योजना के अंतर्गत ₹179.75 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त वर्तमान वित्तीय वर्ष में नगर क्षेत्र में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे।जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का मूल्यांकन उसके भाषणों से नहीं बल्कि उसके कार्यों से होना चाहिए। कुछ लोग केवल दावे करने और प्रचार तक सीमित रहते हैं, जबकि उनका विश्वास धरातल पर विकास कार्य कराने में है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित कई योजनाओं को स्वीकृति दिलाकर उन्हें धरातल पर उतारा गया है और आने वाले समय में भी विकास की यह गति जारी रहेगी।उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिए गए प्रत्येक प्रार्थना-पत्र और सुझाव को गंभीरता से लिया जाएगा तथा समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल, सामुदायिक सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।इस दौरान वर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोहली, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू तिवारी, जनार्दन सिंह,किन्नू शुक्ला, मनोज तिवारी, संतोष अधिकारी, चन्दन पाण्डेय, सुनीता कश्यप, सुनील सिंह बिष्ट, पुष्पलता तिवारी, राजेश प्रताप सिंह, अमरजीत सिंह, जीवनचंद जोशी, जुबेर खान, जनार्दन सिंह, जगदीश कुमार, मनोहर वाल्मीकि, हरिओम चौहान, नागेंद्र यादव, संतोष कुमार, मुलसलीम, पन्नालाल, हंसी बिष्ट,देवू तिवारी, मंजू बिष्ट, बिना परिहार, राजा भंडारी, बहादुर मेहता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


