रामनगर में इंसानियत शर्मसार!बेजुबान कुत्तों पर बेरहमी, CCTV में कैद दरिंदगी,पुलिस जुटी जांच में।

रामनगर – रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने बेजुबान जानवरों पर अपनी हैवानियत उतार दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।मामला एसके पुरम कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां एक व्यक्ति साइकिल पर दूध की बाल्टी लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसने सड़क पर मौजूद कुत्तों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वह व्यक्ति बिना किसी उकसावे के बेजुबान कुत्तों पर हमला कर रहा है।

बताया जा रहा है कि इस हमले में एक पालतू कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत इतनी खराब हो गई कि उसे तुरंत उपचार के लिए काशीपुर के एक पशु अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि बेजुबान जानवरों के साथ इस तरह की क्रूरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर समाज के उस कड़वे सच को सामने लाती है, जहां बेजुबान जानवरों के प्रति संवेदनशीलता की कमी साफ दिखाई देती है। जरूरत है कि ऐसे मामलों में सख्त कानून के साथ-साथ लोगों में जागरूकता भी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


