युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार।

बाजपुर।: युवक से मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को पकड़े गए आरोपों के पास से घटना में प्रयोग किया गया बेसबॉल का डंडा भी बरामद हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।

बता दें कि बाजपुर के ग्राम रतनपुरा निवासी गंगाराम ने सुल्तानपुर पट्टी चौकी पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 25 फरवरी को सीता कॉलोनी निवासी विशाल सागर ने उसके पुत्र अमन को फोन कर एक स्टोन क्रेशर के पास में बुलाया था। जहां पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हो गया। गंगाराम ने बताया कि विशाल सागर ने उसके पुत्र पर बेसबॉल के डंडे से जानलेवा हमला किया। जिससे उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर सुल्तानपुर पट्टी चौकी इंचार्ज दीपक कौशिक ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जिसके चलते पुलिस ने आरोपी विशाल सागर को बेसबॉल के डंडे के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान मामले का खुलासा करते हुए बाजपुर सीओ विभव सैनी ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हुआ था, जिसके चलते पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय भेज दिया है।


