बाईक सवार एक युवक बरसाती नाले को पार करते समय बाल-बाल बचा वीडियो वायरल।
बागेश्वर। बागेश्वर के कपकोट तहसील अंतर्गत मानसून काल के दौरान पहाड़ों में उफनते गधेरे वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। बागेश्वर मुनस्यारी पिथौरागढ़ NH 109 K राजमार्ग पर असों के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

सड़क पर उफनते नाले को पार करने के दौरान एक बाइक सवार का अचानक संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होते ही सवार बाइक से दूर जा छिटका। गनीमत रही कि वह तेज बहाव की चपेट में नहीं आया और सुरक्षित बच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार कपकोट से बागेश्वर जिला मुख्यालय की ओर जा रहा था। बरसाती नाले में बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। बाइक सवार ने जैसे ही नाले को पार करने का प्रयास किया, तेज बहाव के बीच बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक से अलग होकर दूर जा गिरा। हादसे के बाद उसकी बाइक नाले के बीच पत्थरों में फंस गई।घटना के वक्त मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद फ़सी मोटर बाइक को नाले से बाहर निकाला गया। इस घटना में बाइक सवार को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित है।
