रोते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने की प्रेस वार्ता – विधायक ने गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करने की दी चेतावनी।

हल्द्वानी : हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई हैं। मीडिया के सामने भावुक हुए विधायक ने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक बड़ा गिरोह सक्रिय है, जो नेताओं के फोन टैप कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार के फोन भी टैप किए जा रहे हैं और उनकी जान को खतरा है। विधायक ने यहां तक आशंका जताई कि उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट कराया जा सकता है दरअसल, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन खतरे में है और उन्हें न्याय चाहिए। भावुक होते हुए विधायक ने आशंका जताई कि उन्हें और उनके बच्चों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पूरे परिवार की फोन कॉल पर निगरानी रखी जा रही है। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के माध्यम से उनकी फर्जी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो तैयार कर वायरल किए जा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से भी की गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 में एसएसपी को लिखित शिकायत दी गई थी। सुमित हृदयेश ने कथित गिरोह में निजी कंपनियों और कुछ प्रभावशाली लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई। मामले को लेकर विधायक ने गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करने तक की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज होने की संभावना है।
