रुद्रपुर में ऐतिहासिक होगा गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष पर लाईट एंड साउंड शो“धर्म की चादर” नाटक मंचन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल।

संवाददाता – गोपी सरकार
रुद्रपुर। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहादत वर्ष को समर्पित ऐतिहासिक लाईट एंड साउंड शो एवं नाटक मंचन “धर्म की चादर” का आयोजन आगामी रविवार 28 दिसंबर 2025 को जेसीज पब्लिक स्कूल, गंगापुर रोड रुद्रपुर के ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

यह कार्यक्रम गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एवं स्थानीय सिख युवाओं के सहयोग से आयोजित हो रहा है।श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन दर्शन और उनकी अद्वितीय शहादत पर आधारित यह नाटक तालगुरु प्रोडक्शंस, चंडीगढ़ द्वारा निर्देशित है, जिसका मंचन देश के कई प्रांतों सहित दिल्ली के लालकिले पर भी हो चुका है। इस अवसर पर चंडीगढ़ से लगभग 20 कलाकारों की टीम रुद्रपुर पहुंचेगी।कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 1:30 बजे होगा, जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि रहेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख एवं मेयर विकास शर्मा अति विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक सरदार हरभजन सिंह चीमा करेंगे। आयोजकों ने बड़ी संख्या में नागरिकों से समय पर पहुंचकर सहभागिता की अपील की है।


