एसएसपी अजय गणपति ने NH एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु ब्लैक स्पॉट्स का किया स्थलीय निरीक्षण।

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति द्वारा जनपद के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) एवं संवेदनशील मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। एसएसपी द्वारा एमेनिटी स्कूल चौराहा, मुमताज दरबार के पास, बगवाड़ा मंडी गेट, गाबा चौक, राधा स्वामी सत्संग गेट, आदित्य चौक, नगला बाईपास, गोल गेट नगला, संजय वन, लालपुर एवं तुलसी द्वार क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात ऊधम सिंह नगर श्रीमती अनुषा बड़ोला, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर/यातायात, क्षेत्राधिकारी पंतनगर, क्षेत्राधिकारी सितारगंज, यातायात निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर, प्रभारी निरीक्षक किच्छा, थानाध्यक्ष पंतनगर सहित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं परिवहन विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।संयुक्त निरीक्षण के दौरान मार्गों की स्थिति, सड़क की बनावट, यातायात के दबाव एवं दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का बारीकी से आकलन किया गया।

इस दौरान एसएसपी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए।सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत स्थित ब्लैक स्पॉट्स एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का गहन निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

NHAI एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थानों पर सड़क संकेतक (साइनेज), रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप्स एवं उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने एवं गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी चेकिंग अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए निरीक्षण एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्यों के संबंध में विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा की जा सके।
