कांग्रेस जिलाध्यक्ष का व्हाट्सऐप हैक, आपत्तिजनक वीडियो वायरल, सियासी साज़िश की आशंका का आरोप।

बागेश्वर। बागेश्वर जिले की राजनीति में उस वक्त सनसनी फैल गई जब कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के व्हाट्सऐप स्टेटस पर सोमवार की सुबह करीब 3:30 बजे एक आपत्तिजनक वीडियो अपलोड हो गया। इतना ही नहीं, उसी नंबर से कई लोगों को यह वीडियो व्यक्तिगत रूप से भी भेजा गया। मामला सामने आते ही नगर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

प्रतीकात्मक फोटो 👆
कांग्रेस नेता भगवत सिंह डसीला ने इसे एक सुनियोजित साज़िश बताते हुए कहा कि उनका मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप अकाउंट हैक किया गया है। उन्होंने बताया कि जैसे ही उनके मित्रों ने उन्हें वीडियो की जानकारी दी, उन्होंने तुरंत स्टेटस डिलीट किया और पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जताई है कि उनके नाम से और भी आपत्तिजनक सामग्री भेजी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह उनकी छवि धूमिल करने और राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।















