रामनगर के ग्राम चौपड़ा में महिला पर वन्यजीव का हमला, घायल महिला अस्पताल में भर्ती।


रामनगर। रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज अंतर्गत ग्राम चौपड़ा में एक महिला पर वन्यजीव के हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया,हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे ग्रामीणों और वन विभाग की टीम की मदद से उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लाया गया,घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हमलावर वन्यजीव को पकड़ने की मांग की है.

जानकारी के अनुसार ग्राम चौपड़ा निवासी भुवन चंद्र की 40 वर्षीय पत्नी उमा उर्फ रमा देवी मंगलवार दोपहर गांव की अन्य महिलाओं गीता देवी और गंगा देवी के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित गुल से पानी लेने गई थीं,इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक वन्यजीव ने अचानक रमा देवी पर हमला कर दिया, हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के समय साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे,ग्रामीणों द्वारा हल्ला मचाने पर वन्यजीव घायल महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। हमले की घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे लोगों में डर बना हुआ है,ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए हमलावर वन्यजीव को पकड़ने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। मामले में रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि घटना स्थल पर वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है,साथ ही मौके पर कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं और पिंजरा लगाने की अनुमति उच्च अधिकारियों से मांगी जा रही है,उन्होंने कहा कि कैमरा ट्रैप की तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगा कि हमला बाघ ने किया है या गुलदार ने,फिलहाल वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, फिलहाल घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बढ़ाकर हमलावर वन्यजीव की पहचान और उसे पकड़ने की तैयारी में जुटी हुई है,वहीं ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है.


