पौड़ी में बारिश और भूस्खलन से महरगांव में मलबे में दबे 4 लोग, दो शव बरामद, एक महिला को सुरक्षित निकाला तो अन्य कि तलाश जारी।


पौड़ी में बारिश और भूस्खलन से हालात बिगड़े, महरगांव में मलबे में दबे 4 लोग; एक महिला को सुरक्षित निकाला गयाउत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में भूस्खलन से सड़कें बाधित हुई हैं। महरगांव में मलबे में चार लोगों के दबने की सूचना से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं।पौड़ी गढ़वाल में लगातार बारिश के बीच कई इलाकों से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। हालात का जायजा लेने जिलाधिकारी मंगलवार को तत्काल आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे और अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली।महरगांव में भूस्खलन के बाद मलबे में चार लोगों के दबे होने की प्रारंभिक सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी भेजी गई है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।वहीं, बैरगांव में भूस्खलन की घटना में घायल महिला को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।बारिश के चलते कई सड़कें भी प्रभावित हुईं। जिलाधिकारी ने सभी बाधित मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश दिए। सतपुली-गुमखाल मार्ग पर जेसीबी की मदद से सड़क को खोल दिया गया है, जबकि गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को सुचारू करने के लिए भी जेसीबी भेजी गई है।जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। फीडर ब्रेकडाउन होने पर विद्युत विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। नदी-नालों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।


