किच्छा में तेल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फायर टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू।

किच्छा। किच्छा विधानसभा अंतर्गत ग्राम गिद्धपुरी स्थित एस.पी. इंडस्ट्रीज एवं एस.जी. ट्रेडिंग में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना फायर स्टेशन रुद्रपुर को पीएफटी के माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग में तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।

अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र के आदेशानुसार फायर यूनिट किच्छा, फायर स्टेशन रुद्रपुर और फायर स्टेशन पंतनगर से एक-एक फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अग्निशमन अधिकारी स्वयं भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए फायर टेंडरों से पंपिंग कर दो हौज पाइपों की मदद से लगातार पानी की बौछार की।

कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।आग बुझाने के बाद अग्निशमन टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के पश्चात वापस फायर स्टेशन लौट आई।घटनास्थल पर फायर स्टेशन रुद्रपुर, किच्छा और पंतनगर के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। टीम में एफएसओ महेश चंद्र, एफएस ड्राइवर गिरीश बिष्ट, मदन सिंह, फायरमैन प्रकाश पांडे, संजय सिंह, नवल प्रभात, भूपेंद्र, प्रमोद, आंचल, गौरी, देवेंद्र गिरी तथा संविदा चालक श्याम प्रकाश और धीरज राणा शामिल रहे।फायर विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
