चरस के साथ अलीगढ़ का तस्कर गिरफ्तार।
रिपोर्ट- अशोक सरकार
टनकपुर-/चंपावत – मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में एसओजी चंपावत द्वारा सीमांत टनकपुर क्षेत्र के किरोड़ा नाले के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली जिस दौरान उस व्यक्ति के कब्जे से 908 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी समसुद्दीन पुत्र होशियार खान को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में शमसुद्दीन ने पुलिस को बताया कि उसने यह चरस चम्पावत जिले के देवीधुरा क्षेत्र के ग्राम मेतड़ा निवासी जमन सिंह से 45 हजार में खरीदी थी। अभियुक्त के अनुसार वह 25 अक्टूबर 2026 को चरस लेने आया था और रात में जमन सिंह के घर पर ही रुका था। आज वह चरस को लेकर वापस अलीगढ़ जा रहा था। मामले में पुलिस ने अभियुक्त शमसुद्दीन और जमन सिंह के विरुद्ध कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा चम्पावत पुलिस की नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्यवाही लगातार जारी है।
