जसपुर में वन्यजीवों के अंगों की तस्करी का खुलासा, 114 जोड़े हत्था जोड़ी ओर प्रतिबंधित सामग्री के साथ तस्कर पंडित गिरफ्तार।
जसपुर।- जनपद ऊधम सिंह नगर के जसपुर में वन विभाग पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने वन्यजीवों के अंगों की तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 114 जोड़े हत्था जोड़ी, जंगली सूअर का एक दांत, पांच मोती शंख और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वन विभाग की टीम ने बरामद सामग्री की पहचान कर उसे संरक्षित वन्यजीवों से संबंधित बताया है।

– आज जसपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजपूत सभा भवन के गेट के पास एक व्यक्ति वन्यजीवों के अंगों की अवैध बिक्री कर रहा है।सूचना पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आकाश दीक्षित नाम के 32 वर्षीय व्यक्ति को तीन प्लास्टिक के डिब्बों के साथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान डिब्बों से 114 जोड़े हत्था जोड़ी, जंगली सूअर का एक दांत और पांच मोती शंख बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरिद्वार निवासी अमन से हत्था जोड़ी के जोड़े 400 से 500 रुपये में खरीदता था और उन्हें धन प्राप्ति, तंत्र-मंत्र तथा पूजा-पाठ के नाम पर चार से पांच हजार रुपये प्रति जोड़े में बेचता था। आरोपी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से भी इनकी ऑनलाइन बिक्री करता था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
