मामूली कहासुनी के बाद बुजुर्ग महिला क़ी पीट पीटकर हत्या।

दिनेशपुर। उधम सिंह नगर जनपद के दिनेशपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, प्रसेनजीत शाह का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व काशीपुर निवासी सुरभि से हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चलते रहते थे। परिजनों का आरोप है कि बीती रात मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि सुरभि ने अपने मायके पक्ष के पांच लोगों को घर बुला लिया। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मायके से आए लोगों ने प्रसेनजीत शाह और उनकी 70 वर्षीय मां संध्या शाह के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं प्रसेनजीत शाह भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने बताया कि पारिवारिक विवाद में मारपीट की सूचना मिली थी, जिसमें एक वृद्ध महिला की मृत्यु हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं।नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुरभि सहित उसके साथ आए पांच अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्च अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के बढ़ते हिंसक स्वरूप और सामाजिक रिश्तों में आ रही दरारों को उजागर कर दिया है।


