गंगवार जनसेवा केंद्र की आड़ में चल रहे अवैध फर्जीवाड़े का पुलिस ने किया पर्दाफाश, एक गिरफ्तार।


रुद्रपुर. जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना ट्रांजिट कैम्प अंतर्गत कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस व एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए गंगवार जनसेवा केन्द्र की आड़ में चल रहे अवैध फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए फर्जी आधार कार्ड सेंटर का भंडाफोड़ किया है, तथा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है..उक्त मामले का खुलासा आज एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय कुमार गणपति ने अपने कार्यालय में किया।

एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस व एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई हुए मुखबिर की सूचना पर ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र अंतर्गत मछली मार्केट रोड स्थित “गंगवार जनसेवा केन्द्र” नामक दुकान पर छापेमारी की गई, जहां अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं शैक्षिक प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे थे। मौके से अभियुक्त चेतन कुमार पुत्र राजपाल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम एन्चौरा, थाना पटवाई, जिला रामपुर (उ0प्र0), हाल निवासी गड्ढा कॉलोनी शिमलाबहादुर, थाना ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह PIXELLAB एप्लीकेशन के माध्यम से कस्टमर की फोटो, नाम व पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अंकतालिका तैयार करता था, जिन्हें सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी हेतु प्रयोग किया जाता था। दुकान व मोबाइल की जांच में बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, कूटरचित अंकतालिकाएं तथा डिजिटल प्रतियां पाई गईं। कंप्यूटर स्क्रीन पर भी फर्जी मार्कशीट की प्रतियां प्रदर्शित हो रही थीं। अभियुक्त के विरुद्ध थाना ट्रांजिट कैम्प पर मुकदमा एफआईआर संख्या 58/2026 धारा 318(2)/336(3)/338/340(2) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है।


