सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में विभिन्न स्थानों मे विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 1260 मरीजों को मिला लाभ
रुद्रपुर। – सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत आज 01 अक्टूबर को सी एच सी किच्छा, जसपुर के पी एच सी रायपुर, तथा खटीमा के प्राथमिक पाठशाला छिनकी में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में लगे शिविर में कुल 1260 मरीजों को स्वास्थ्य लाभ दिया गया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं जिनमे फिजिशियन द्वारा 279, बाल रोग के 115, अस्थि रोग के 142, स्त्री रोग के 114, नेत्र रोग के 142, नाक कान गला के 133 तथा मनोरोग से ग्रस्त 28 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त सर्जरी हेतु 36 मरीज चिन्हित किये गए। 257 की एनसीडी स्क्रीनिंग, 55 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गयी तथा 32 एमसीपी कार्ड वितरित किए गए। साथ ही 60 लाभर्थियों का टीकाकरण, 47 लाभर्थियों का आयुष्मान कार्ड, 75 की एक्स रे जांच की गयी तथा 3 निःक्षय मित्र बनाये गए ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस के गोस्वामी ने बताया कि ग्रामीण जनता को घर के पास ही विशेषज्ञ इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जिससे आम जनमानस और ज़रूरतमंदों को आसानी से चिकित्सकीय सुविधाएँ प्राप्त हो पाएँ। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शनिवार को रामलीला मैदान सितारगंज मे बहुउद्देशीय शिविर, उप जिला चिकित्सालय बाजपुर तथा मदरसा मझराशिला गदरपुर मे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जायेगा।
