उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन।

पौढ़ी/गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का आज आकस्मिक निधन हो गया है। 91 वर्षीय सावित्री देवी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर के आवास पर करीब 12 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल उनके पार्थिव शरीर को पंचूर स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। जानकारी मिलने के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर पहुंचकर शोक प्रकट करने का सिलसिला शुरू हो गया है। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिवंगत सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 21 नवंबर को हरिद्वार में किया जाएगा। हालांकि, अभी तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यमकेश्वर या हरिद्वार पहुंचने के आधिकारिक कार्यक्रम की कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन उनके पहुंचने की पूरी संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि आज उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल का दिन है। ऐसे में मुख्यमंत्री की माता के निधन की खबर से पूरे यमकेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
