ट्रांजिट कैम्प पुलिस पर युवक को अमानवीय तरीके से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक ठुकराल ने पीड़ित परिवार के साथ की एसएसपी से मुलाकात।


रूद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस पर एक युवक को प्रतिष्ठान से उठाकर कोतवाली लाने और हिरासत में उसके साथ अमानवीय मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने गुरुवार को पीड़ित परिवार के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। पूर्व विधायक ठुकराल ने बताया कि रम्पुरा वार्ड नंबर 22 निवासी लक्ष्मी देवी के पुत्र आकाश रूद्रपुर स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में कार वॉशिंग का कार्य करता है। आरोप है कि 14 जून को अभिषेक पुत्र मुन्ना सिंह निवासी आनंदपुर, किच्छा अपनी कार धुलवाने के लिए आकाश के पास आया था और शाम को कार लेकर चला गया। इसके कुछ समय बाद ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस आकाश को उसकी दुकान से पूछताछ के नाम पर अपने साथ ले गई।

शिकायत के अनुसार जब परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मामला दर्ज होने संबंधी जानकारी मांगी तो उन्हें बताया गया कि अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है तथा केवल पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने परिजनों से कहा कि पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया जाएगा। आरोप है कि 15 जून की शाम पुलिस ने आकाश को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया, लेकिन अगले दिन 16 जून की सुबह उसे फिर से थाने बुला लिया गया और बिना किसी लिखित कार्रवाई के 17 जून की रात करीब 10.20 बजे दोबारा परिजनों के हवाले किया गया। परिजनों का आरोप है कि जब आकाश घर लौटा तो उसकी हालत बेहद गंभीर थी। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था और उसके हाथों तथा पैरों के नाखून प्लास से उखाड़े गए थे। उसकी शारीरिक स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां आकाश ने बताया कि ट्रांजिट कैम्प थाना और आवास विकास चौकी के पुलिस कर्मियों ने पूरी रात उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए मारपीट की। आरोप है कि उसे बार बार पानी डालकर होश में लाया जाता और फिर पीटा जाता था। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान लक्ष्मी देवी, ललित बिष्ट, केरू मंडल सहित पीड़ित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।


