गंगा स्नान के बहाने पत्नी को हरिद्वार में छोड़कर फरार हुआ पति! रामनगर पहुंची पीड़िता तो भाजपा नेत्री ने दिया सहारा।

रामनगर। -पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास और साथ निभाने का प्रतीक माना जाता है, लेकिन यदि वही पति अपनी पत्नी को गंगा स्नान के बहाने हरिद्वार ले जाकर बेसहारा छोड़ दे, तो यह बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला बन जाता है। ऐसा ही एक मामला रामनगर में सामने आया है, जहां हरिद्वार से भटकते हुए पहुंची एक महिला की आपबीती सुनकर लोग भावुक हो गए। फिलहाल भाजपा नेताओं और पुलिस की मदद से महिला को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।खुद को अल्मोड़ा जिले के देवलीखान निवासी बीना देवी, पत्नी बालीदत्त तिवारी बताने वाली महिला ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका पति उसे गंगा स्नान के लिए हरिद्वार लेकर गया था।

महिला का आरोप है कि जब वह गंगा में स्नान कर रही थी, तभी उसका पति बिना कुछ बताए वहां से चला गया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी उसके वापस न लौटने पर उसे एहसास हुआ कि उसे जानबूझकर अकेला छोड़ दिया गया है।महिला के अनुसार, वह कई दिनों तक हरिद्वार में दर-दर भटकती रही। उसके पास न रहने का कोई सहारा था और न ही घर लौटने का कोई साधन। इसी दौरान हरिद्वार पुलिस ने उसकी मदद करते हुए उसे रोडवेज बस से रामनगर भेजा। रामनगर बस स्टेशन पहुंचने पर वह बेहद परेशान और असहाय स्थिति में थी।बस स्टेशन पर भाजपा नेता इकबाल हुसैन की नजर महिला पर पड़ी। उन्होंने तत्काल भाजपा की पूर्व नगर अध्यक्ष भावना भट्ट को मौके पर बुलाया। भावना भट्ट ने महिला की पूरी आपबीती सुनी और रामनगर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राजकुमारी को मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी।भावना भट्ट ने कहा कि यदि महिला द्वारा लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि जब तक महिला के परिजनों या पति का पता नहीं चल जाता, तब तक बीना देवी को उनके घर पर सुरक्षित रखा जाएगा।फिलहाल रामनगर पुलिस महिला की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने में जुटी हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही महिला को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सकेगा। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में विश्वास और मानवता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


