रामनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी, लूटकांड का 10 हजार का इनामी बदमाश दिल्ली से गिरफ्तार।

रामनगर। रामनगर कोतवाली पुलिस ने लूट के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब ढाई महीने से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी बदमाश को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, आखिरकार एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे दिल्ली से दबोच लिया।

रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि 14 अप्रैल को ग्राम तुमड़िया डाम निवासी सुरजीत सिंह अपनी स्कूटी से हाथीडगर से घर लौट रहे थे,इसी दौरान चार आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और उनके पास से 10 हजार की नकदी तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में आरोपी आयुष, अनिल और प्रिंस को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था,जबकि चौथा आरोपी साहिल घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर था,इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने 16 मई को साहिल पर 10 हजार का इनाम घोषित किया। एसओजी और रामनगर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार की जा रही तलाश के बाद आरोपी साहिल को दिल्ली के गगन विहार कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को रामनगर लेकर आई और न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई, रामनगर पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.


